
अम्बेडकरनगर: पशु आरोग्य मेले में 256 पशुओं का उपचार, पशुपालकों को मिलीं मुफ्त दवाएं
नैमिष टुडे ब्यूरो /अम्बेडकरनगर
जनपद के सभी विकासखंडों में शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले आयोजित किए गए। जहांगीरगंज विकासखंड के जमुनीपुर गांव में आयोजित मेले में 256 पशुओं का उपचार कर पशुपालकों को निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही पशुओं को बीमारियों से बचाने, टीकाकरण और बेहतर देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
जमुनीपुर में मेले का शुभारंभ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंडल अध्यक्ष प्रकाश चंद्र शुक्ला, सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार सिंह और सेवानिवृत्त इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य संतोष सिंह ने गोपूजन कर किया।
*पशुपालन विभाग की योजनाओं की दी जानकारी*
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार चक्रवर्ती ने टीकाकरण और पशुओं में बांझपन की समस्या के समाधान की जानकारी दी। डॉ. सुधीर कुमार राणा ने पोषण संबंधी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। वहीं डॉ. श्रीनिवास यादव ने विभागीय योजनाओं और डॉ. दिलीप कुमार यादव ने पशुओं की उचित देखभाल के बारे में पशुपालकों को जागरूक किया।
मेले में पशुपालकों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। इस दौरान पशुधन प्रसार अधिकारी रचना सचान, मनोज कुमार, वेटरनरी फार्मासिस्ट गुलाबचंद सोनी, प्रतिभा विश्वकर्मा, शैलेंद्र कुमार और बैजनाथ सिंह समेत विभागीय कर्मचारी व पशुपालक मौजूद रहे।