
गोपिया गांव में भव्य कलश यात्रा के साथ नवरात्रि उत्सव का शुभारंभ, सैकड़ों महिलाओं ने लिया हिस्सा
ब्यूरो चीफ भोलू तिवारी
मिहींपुरवा।ग्राम गोपिया में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आज भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में गांव की सैकड़ों महिलाओं, युवतियों और बच्चियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सिर पर कलश धारण कर श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में जय माता दी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
कलश यात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए नदी तट से जल भरकर पूजा स्थल तक पहुंची। यात्रा की लंबी कतार देखते ही बन रही थी। पीले, लाल और केसरिया वस्त्रों में सजी महिलाओं की टोली आकर्षण का केंद्र बनी रही। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए युवाओं और ग्रामीणों की टोली साथ-साथ चल रही थी।ग्रामीणों के अनुसार हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़े ही उत्साह के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा के साथ ही नौ दिवसीय पूजा-पाठ का शुभारंभ हो गया। अब नौ दिनों तक प्रतिदिन माता की आरती, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।