
सड़क हादसे में लोजपा जिला उपाध्यक्ष की मौत, प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे परिजनों से मिलने
परिजनों ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का लगाया आरोप, नामजद कार्रवाई की मांग
कुंडा/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ सरोज की सड़क दुर्घटना में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। रविवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी प्रतिनिधिमंडल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने और कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।महेशगंज थाना क्षेत्र के दीवान का पुरवा, पूरे किसुनी निवासी विश्वनाथ सरोज पुत्र स्वर्गीय रामसुख सात अक्टूबर की शाम करीब छह बजे अपने ई-रिक्शा से हुलासगढ़ बाजार की ओर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो की टक्कर से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। मृतक के पुत्र राजेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।रविवार, 11 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने पुलिस पर शिकायत बदलवाने और मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष ने महेशगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार से फोन पर बात कर मामले की जानकारी ली और चेतरा निवासी यशवंत यादव पुत्र रामचंद्र यादव को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की।प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलवाने की बात भी कही। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और नामजद व्यक्ति की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।इस मौके पर मृतक के पुत्र राजेश सरोज, रमेश सरोज, विजयपाल सरोज, राजाराम सरोज, सुरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, दीपू पासी, प्रमोद कुमार, राकेश, अवधेश सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।