अवैध वसूली को लेकर किसानों ने विधायक और एसडीएम से की शिकायत

अवैध वसूली को लेकर किसानों ने विधायक और एसडीएम से की शिकायत

दलित किशोरी की हत्या का आरोपी कर रहा अवैध वशूली किसानों ने खोली पोल

विकास मिश्रा/नैमिष टुडे

सांडा/सीतापुर। तहसील बिसवां क्षेत्र में किसानों और फरियादियों से कथित तौर पर धन वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कई किसानों ने क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा और उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बाढ़ और आपदा की स्थिति के बीच किसानों की परेशानियों का फायदा उठाकर उनसे विभिन्न कार्यों के नाम पर धन लिया जा रहा है। किसानों के अनुसार, बिसवां थाना क्षेत्र गोपालापुर निवासी यूनुस नामक व्यक्ति तहसील परिसर में आने वाले फरियादियों और किसानों से कथित रूप से धन की मांग करता है। किसानों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में बाढ़ और आपदा से प्रभावित लोगों को भी कथित वसूली का निशाना बनाया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा ने एसडीएम से वार्ता कर मामले का शीघ्र निस्तारण कराने की बात कही। शिकायतकर्ताओं ने यूनुस पर कई आपराधिक मामलों में नामजद होने के आरोप भी लगाए हैं। उनका दावा है कि उसके खिलाफ हत्या, आगजनी और एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। एक सरकारी अस्पताल में आशा कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। किसानों ने तहसील के कुछ कर्मचारियों पर भी यूनुस को कथित संरक्षण देने और धन वसूली में हिस्सेदारी करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में लेखपाल अनिल श्रीवास्तव, अवध राम तथा राजस्व निरीक्षक अब्दुल मन्नान के नाम भी लिए गए हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि तहसील परिसर में अनधिकृत रूप से धन वसूली पर रोक लगाई जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस संबंध में उपजिलाधिकारी बिसवां राहुल सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें