प्राथमिक विद्यालय के सामने जलभराव और गंदगी, नौनिहालों की राह बनी मुसीबत

प्राथमिक विद्यालय के सामने जलभराव और गंदगी, नौनिहालों की राह बनी मुसीबत

 

घूरीपुर माढरमऊ में जिम्मेदारों की अनदेखी से बच्चों को गंदगी के बीच से होकर जाना पड़ रहा स्कूल

 

नैमिष टुडे/ संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा

बिसवां/सीतापुर। विकास क्षेत्र सकरन के अंतर्गत ग्राम घूरीपुर माढरमऊ में प्राथमिक विद्यालय के सामने लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई है। विद्यालय के मुख्य मार्ग पर चहला भरा होने के कारण स्कूल जाने वाले नौनिहालों को इसी गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों को प्रतिदिन गंदगी और जलभराव से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। रास्ते में जलभराव के चलते बच्चों के कपड़े गंदे होने के साथ ही उनके फिसलकर गिरने का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में विकास कार्यों और साफ-सफाई के नाम पर कागजों में तो काम पूरा दिखा दिया जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति कुछ और ही नजर आती है। विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान के सामने बनी इस समस्या पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की नजर क्यों नहीं पड़ रही, यह अपने आप में बड़ा सवाल है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से विद्यालय के सामने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, रास्ते की सफाई कराने तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि बच्चों को गंदगी और कीचड़ के बीच से होकर विद्यालय न जाना पड़े।

अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक कार्रवाई करते हैं या फिर यह समस्या भी सरकारी कागजों में ही सिमटकर रह जाती है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें