
हीरागंज में बच्चियों को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
महेशगंज पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
कुंडा/प्रतापगढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को महेशगंज पुलिस की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीम ने हीरागंज बाजार में बच्चियों को जागरूक किया।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बच्चियों को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा असुरक्षित स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।इस दौरान वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102/108 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।टीम ने थाना महेशगंज में स्थापित महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया। साथ ही मिशन शक्ति प्रभारी के सीयूजी नंबर के माध्यम से जरूरत पड़ने पर पुलिस से तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस टीम ने बच्चियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की परेशानी को छिपाने के बजाय तत्काल परिजनों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें।