
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने ग्राम जगना का किया स्थलीय निरीक्षण
सीतापुर /जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने विकासखंड ऐलिया, तहसील महोली के ग्राम पंचायत जगना पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पंचायत भवन पहुंचकर पुस्तकालय, सचिव कक्ष एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुस्तकालय में व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर ग्राम सहायक एवं सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सचिव कक्ष में सीसीटीवी, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित रजिस्टर तथा ऑनलाइन पत्रावलियों का अवलोकन किया। पंचायत भवन में प्रकाश व्यवस्था बेहतर कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पेंशन रजिस्टर का अवलोकन कर वृद्धावस्था पेंशन के संबंध में जानकारी ली। मनरेगा के अंतर्गत कराए जा रहे तालाब एवं चकमार्ग पटाई से संबंधित पत्रावलियों का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने गांव में भ्रमण के दौरान घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने जलभराव, विद्युत, पेंशन, राशन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में ग्रामीणों से सीधे जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में इंटरलॉकिंग कार्य, राशन की दुकान, कूड़ा घर, पानी की टंकी, आंगनबाड़ी केंद्र एवं खेल मैदान का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र के कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं जेई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कूड़ा घर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा व्यवस्था संतोषजनक बताए जाने पर उन्होंने नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। खेल मैदान को और बेहतर विकसित करने के लिए खंड विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिन कार्यों के निस्तारण में समय लगना अपेक्षित है, उनका एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया के अनुसार कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।