कमजोर हुआ पुलिया का लिंटर तो धंस गई सड़क, बड़े हादसे को दे रही दावत

कमजोर हुआ पुलिया का लिंटर तो धंस गई सड़क, बड़े हादसे को दे रही दावत

पुलिया का निर्माण कराए बिना गड्ढे पर डाल दी डामर और गिट्टी, ग्रामीणों ने जताई दुर्घटना की आशंका, हादसा हुआ तो कौन होगा जिम्मेदार?

कुंडा/प्रतापगढ़। बलीपुर से गोपालापुर झींगुर होते हुए महेशगंज जाने वाली सड़क पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया अब राहगीरों के लिए हादसे का सबब बनती जा रही है। पुलिया का लिंटर कमजोर होने के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षतिग्रस्त पुलिया का स्थायी निर्माण कराने के बजाय गड्ढे के ऊपर डामर और गिट्टी डालकर सड़क की मरम्मत कर दी गई। इससे कुछ समय के लिए गड्ढा भले ही ढक गया हो, लेकिन पुलिया की मूल समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्राम सभा झींगुर गोपालापुर में स्थित इस पुलिया पर बने गड्ढे में आए दिन वाहन फंसने और अनियंत्रित होने की स्थिति बनती है। रात के समय खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का लिंटर कमजोर होने के कारण सड़क दोबारा धंस सकती है और भारी वाहनों के गुजरने से स्थिति और गंभीर हो सकती है।

पुलिया का निर्माण किए बिना कर दी सड़क की मरम्मत

ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया के कमजोर और टूटे हिस्से को दुरुस्त करने के बजाय महज डामर व गिट्टी डालकर सड़क को समतल करने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि जब पुलिया का ढांचा ही कमजोर है तो केवल सड़क के ऊपर डामर डालने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। बारिश और वाहनों के दबाव में सड़क फिर धंसने की आशंका बनी हुई है।

ग्राम प्रधान को भी दी गई सूचना

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की स्थिति और सड़क में बने गड्ढे की जानकारी ग्राम प्रधान को भी दी गई है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके पर निरीक्षण कर पुलिया की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है।

हादसा हुआ तो कौन होगा जिम्मेदार?

ग्रामीणों ने PWD और संबंधित अधिकारियों से क्षतिग्रस्त पुलिया का स्थायी एवं मानक के अनुरूप निर्माण कराने की मांग की है। उनका सवाल है कि जब पुलिया का लिंटर कमजोर हो चुका है तो केवल ऊपर से डामर और गिट्टी डालकर सड़क की मरम्मत करने से समस्या कैसे खत्म होगी? यदि समय रहते पुलिया को दुरुस्त नहीं कराया गया और कोई बड़ा हादसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?ग्रामीणों सौरभ यादव, विपिन गौतम, जगमोहन पाल, सूरत निर्मल, हरीलाल सरोज, पवन पांडेय और बब्बू यादव ने प्रशासन से बलीपुर-गोपालापुर झींगुर-महेशगंज मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया की जांच कराकर तत्काल स्थायी निर्माण कराने की मांग की है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें