
शिक्षक दिवस पर कॉलेज में शिक्षकों को किया गया सम्मानित
छात्र-छात्राओं ने गुरुजनों को उपहार देकर लिया आशीर्वाद
प्रतापगढ़। नगर पंचायत कोहड़ौर स्थित श्री जगतपाल रंगनाथ द्विवेदी इंटर कॉलेज, रामापुर में शनिवार को शिक्षक दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य धवल द्विवेदी ने भारत रत्न से सम्मानित महान शिक्षक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद प्रधानाचार्य ने विद्यालय के सभी शिक्षकों को श्रीरामचरितमानस भेंट कर माल्यार्पण एवं सम्मान किया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षक और शिष्य के बीच शिक्षा एवं ज्ञान का संबंध होता है। हमारे जीवन में शिक्षा और शिक्षक दोनों का विशेष महत्व है। शिक्षक वह दीपक हैं, जो स्वयं जलकर विद्यार्थियों के जीवन से अज्ञानता का अंधेरा दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। शिक्षक दिवस उन निःस्वार्थ शिक्षकों के सम्मान का दिन है, जो देश के भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों को उपहार भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं, गुरुजनों ने भी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।