सीलन से कमजोर हुआ कच्चा मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबी गृहस्थी

सीलन से कमजोर हुआ कच्चा मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबी गृहस्थी

कुंडा/प्रतापगढ़। विकासखंड बाबागंज अंतर्गत नगर पंचायत हीरागंज के वार्ड नंबर-11 फतुहाबाद में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार की रात एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान में रखी पूरी गृहस्थी मलबे में दबकर नष्ट हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय मकान मालकिन घर पर मौजूद नहीं थीं, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

बताया गया कि कैलाशा देवी पत्नी स्वर्गीय धुन्नीलाल लंबे समय से कच्चे मकान में रहकर गुजर-बसर कर रही थीं। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान में सीलन बढ़ती गई और शनिवार की रात अचानक मकान भरभराकर धराशायी हो गया।

घटना के समय कैलाशा देवी अपने मायके गई हुई थीं, जिसके चलते उनकी जान बच गई। हालांकि मकान के मलबे में घर-गृहस्थी का सामान दबकर नष्ट हो गया, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

कैलाशा देवी के चार बच्चे हैं, जो वर्तमान में अलग-अलग रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित महिला की स्थिति को देखते हुए आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने तथा तत्काल आर्थिक एवं आवश्यक सहायता मुहैया कराने की मांग की है।

 

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें