
मुकदमे की पैरवी से नाराज होकर महिला को फोन पर धमकी देने का आरोप
पीड़िता की तहरीर पर दो-तीन अज्ञात समेत एक नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कुंडा/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय असकरनपुर गांव निवासी एक महिला ने मुकदमे की पैरवी से नाराज होकर फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महेशगंज पुलिस ने हेमराज समेत दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता सुनीता पत्नी रामचंद्र सरोज के अनुसार, उसका एक मुकदमा महेशगंज थाने में दर्ज है, जिसकी पैरवी के लिए वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय जा रही थी। 21 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:05 से 12:06 बजे के बीच रास्ते में उसके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया।आरोप है कि फोन करने वाले ने अपना नाम हेमराज पुत्र छोटेलाल, निवासी महेशगंज क्षेत्र बताया और फोन पर गाली-गलौज करने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने धमकी देते हुए अपनी ऊंची पहुंच होने की बात कही तथा अपराधियों के साथ उठने-बैठने का हवाला देते हुए उसे कभी भी उठवाकर जान से मरवा देने की धमकी दी।पीड़िता के मुताबिक धमकी के बाद वह और उसका परिवार भयभीत हैं। महिला ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के साथ ही अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई।पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।