
राजकीय इन्दिरा उद्यान का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
आगन्तुकों के लिए कल से खुला रहेगा राजकीय इन्दिरा उद्यान
नव निर्मित सिंथेटिक पाथ वे आगन्तुकों के लिए होगा आकर्षण का केन्द्र
ब्यूरो चीफ भोलू तिवारी
बहराइच । जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने अधि़.अभि. लो.नि.वि. निर्माण खण्ड-1 अमर सिंह के साथ कपूरथला स्थित राजकीय इन्दिरा उद्यान, बहराइच में आगन्तुकों के भ्रमण हेतु नव निर्मित सिंथेटिक पाथ वे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय मौजूद जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि राजकीय इन्दिरा उद्यान में नव निर्मित सिंथेटिक पाथ वे बनने से आगन्तुकों को भ्रमण करना अत्यन्त सुविधाजनक होगा साथ ही उद्यान में अंलकृत पौधों एवं कई तरह के शोभाकार एवं सुगन्धित फूलों के पौधों का रोपण भी शीघ्र कराया जायेगा जिससे उद्यान का सौन्दर्यीकरण और अधिक आकर्षक होगा।
उद्यान अधिकारी ने बताया कि उद्यान में आगन्तुकों हेतु पीने के पानी के लिए आर.ओ. की भी सुविधा उपलब्ध है जिससे भ्रमण करने वालों को गुणवत्ता युक्त पानी मिल सके। श्री चौधरी ने जिलाधिकारी को बताया कि 20 अगस्त 2026 से राजकीय इन्दिरा उद्यान अपने पूर्व निर्धारित समयानुसार प्रातः 04ः30 बजे से प्रातः 08ः30 बजे तक तथा सांय 05ः00 बजे से सांय 08ः00 बजे तक खुला रहेगा। श्री चौधरी ने बताया कि प्रतिदिन प्रति व्यक्ति के लिए शासन द्वारा रू. 10.00 प्रवेश शुल्क निर्धारित है। जबकि मासिक प्रवेश शुल्क रू. 200.00 तथा त्रैमासिक प्रवेश शुल्क रू. 500.00 निर्धारित है।
डीएम ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिया कि उद्यान में पौधों का चयन इस प्रकार से किया जाये जिससे पार्क की खूबसूरती में चार चांद लग जाये। उन्होंने यह भी कहा कि पार्क में इस प्रकार से अन्य सुविधाएं विकसित की जायें जिससे विशेषकर बच्चे आकर्षित हों। डीएम ने पार्क की स्वच्छता को भी बनाये रखने पर बल दिया। इस अवसर पर सहायक उद्यान निरीक्षक पंकज वर्मा भी मौजूद रहे।