
डीके डिफेंस अकादमी में स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर भव्य कार्यक्रम
देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सैकड़ों युवाओं ने लिया हिस्सा
महमूदाबाद, सीतापुर
डीके डिफेंस अकादमी के संचालक एवं क्षेत्र में ‘डीके गुरुजी’ के नाम से विख्यात डीके सर के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्मी एवं पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अकादमी के सैकड़ों युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपालिका परिषद के चेयरमैन आमिर अराफात रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार संघ के अध्यक्ष अनुज कुमार जैन, अशोक वर्मा तथा शिक्षक एवं समाजसेवी आलोक वर्मा आजाद मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मोहन प्रसाद बारी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति की भावना के साथ हुआ। डीके डिफेंस अकादमी की ओर से सभी अतिथियों का बैज लगाकर एवं माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे बेटियों और बेटों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां एवं गतिविधियां प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। युवाओं की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में अरूब अहमद, प्रियांशी (उत्तर प्रदेश पुलिस), सोनू वर्मा (मां गंगे), अनिल राज (शिक्षक, प्रकाश इंटर कॉलेज), यूट्यूबर एवं इनफ्लुएंसर मोहम्मद इमरान, अमरजीत सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं को देशसेवा, अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा और सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास सफलता की पहली सीढ़ी है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन शिक्षक एवं समाजसेवी आलोक वर्मा आजाद ने किया। कार्यक्रम के समापन पर डीके डिफेंस अकादमी की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।