
लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
कुण्डा/प्रतापगढ़। क्षेत्राधिकारी कुण्डा शिव नारायण वैस ने थाना कुण्डा में विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित कर लंबित विवेचनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी विवेचकों को विवेचनाओं का निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।क्षेत्राधिकारी ने कहा कि गंभीर एवं संवेदनशील मामलों की विवेचना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए। विवेचना के दौरान घटनास्थल का गहन निरीक्षण, साक्ष्यों का वैज्ञानिक ढंग से संकलन, गवाहों के समयबद्ध बयान तथा आवश्यक तकनीकी साक्ष्यों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रत्येक मामले का निस्तारण उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।क्षेत्राधिकारी ने कहा कि लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होगा तथा अपराध नियंत्रण एवं न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलेगी।अर्दली रूम के दौरान थाना प्रभारी कुण्डा सहित समस्त विवेचक मौजूद रहे।