
स्वतंत्रता दिवस पर डीह बलई में होगी आदर्श ग्रामीण लंबी कूद प्रतियोगिता
कुंडा/प्रतापगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से 15 अगस्त को डीह बलई गांव में आदर्श ग्रामीण लंबी कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन आदर्श पांडेय के नेतृत्व में किया जा रहा है।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का शुभारंभ डीह बलई स्थित शिकये बगिया में दोपहर एक बजे होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य श्री देवव्रत जी महाराज शामिल होंगे। प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को गियर साइकिल, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को कूलर तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को मिक्सी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। वहीं ओपन कैटेगरी में क्षेत्र स्तर पर विशेष प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को टैबलेट प्रदान किया जाएगा।आयोजक आदर्श पांडेय ने क्षेत्र के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है तथा युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ता है।