ई टोकन से खाद वितरण प्रणाली किसान परेशान भाकियू ने पंचायत कर किसानों की समस्याओं पर कि चर्चा

ई टोकन से खाद वितरण प्रणाली किसान परेशान

भाकियू ने पंचायत कर किसानों की समस्याओं पर कि चर्चा

विकास मिश्रा
नैमिष टुडे संवाददाता

सांडा/सीतापुर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में सदस्यता अभियान शुरू किया है। इसके तहत पंचायतों का आयोजन कर किसानों, युवाओं और मजदूरों को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें किसान हितों और अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
शनिवार को विकास खंड सकरन क्षेत्र के शाहपुर गांव स्थित कुटी पर आयोजित पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान भाकियू के जिलाध्यक्ष मयंक सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की ओर से यूरिया खाद का वितरण ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों को प्रतिदिन जनसुविधा केंद्र से ई-टोकन बनवाने के लिए 50 से 100 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। इसके बावजूद अगले दिन खाद वितरण केंद्रों पर लंबी कतारों और भीड़ के कारण कई किसानों को खाद नहीं मिल पाती। ऐसे में ई-टोकन की वैधता समाप्त हो जाती है और किसानों को दोबारा पूरी प्रक्रिया अपनानी पड़ती है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
जिलाध्यक्ष ने प्रशासन पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को अपनी विभिन्न समस्याओं का समाधान कराना है, तो उन्हें संगठन से जुड़कर उसे मजबूत बनाना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाकियू किसानों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
पंचायत में ब्लॉक अध्यक्ष सुशील राज सहित संगठन के कई पदाधिकारी और क्षेत्र के सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें