
भयहरण नाथ में SDM का सख्त आदेश: सावन मेले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 16 बिंदुओं पर विभागों को मिली जिम्मेदारी
अवैध वसूली मुक्त रहेगा भयहरण नाथ धाम, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम
प्रतापगढ़। पाण्डवकालीन भयहरण नाथ धाम में 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले सावन मेले की तैयारियों को लेकर उप जिलाधिकारी सदर एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट श्रीमती अनुष्का शर्मा ने संबंधित विभागों को 16 सूत्रीय निर्देश जारी किए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मेला पूरी तरह अवैध वसूली मुक्त रहेगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियां पूरी करेंगे।
भयहरण नाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान के महासचिव समाज शेखर के 15 जुलाई 2026 के पत्र के क्रम में उप जिलाधिकारी सदर कार्यालय द्वारा पत्रांक 4463/आ0शुल्क-मेला/शांति व्यवस्था-2026 जारी किया गया है। इसमें मेले के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।निर्देशों के अनुसार कटरा गुलाबसिंह से भयहरण नाथ धाम तक लगभग दो किलोमीटर जर्जर सड़क की मरम्मत, मिट्टी पटाई, तोरई मार्ग पर पुलिया निर्माण, गौरा ग्राम के चकमार्ग से अतिक्रमण हटाने तथा धाम के सामने पुल के अप्रोच मार्ग को सुगम बनाने के आदेश दिए गए हैं।मेला अवधि में अस्थायी पुलिस चौकी, पीएसी, होमगार्ड एवं महिला पुलिस बल की तैनाती, अस्थायी चिकित्सा शिविर, 108 एंबुलेंस, 10 अस्थायी शौचालय, पर्याप्त सफाईकर्मी, पेयजल टैंकर, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।उप जिलाधिकारी ने 17 अगस्त को नागपंचमी के अवसर पर दोपहर 12 बजे से आयोजित होने वाले घुघुरी लोक उत्सव के भव्य आयोजन के लिए जिला सूचना अधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।नायब तहसीलदार रामगोपाल पाण्डेय को मेला क्षेत्र का मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को मेला प्रारंभ होने से पहले स्थल का निरीक्षण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।महासचिव समाज शेखर ने कहा कि भयहरण नाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रशासन को हरसंभव सहयोग देंगे, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत एवं चौकी प्रभारी कटरा गुलाब सिंह से भी अनुरोध किया कि असामाजिक एवं संदिग्ध तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और मेले की गरिमा बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए।।