
अवैध निर्माण तो रोकवाइये, बिना नक्शा स्वीकृत के आखिर निर्माण क्यों? कहीं राजस्वकर्मी,नजूल महकमा व लोकल पुलिस की फीलगुड का नतीजा तो नहीं
बिना नक्शा पास कराए बेसमेंट निर्माण का आरोप, एस डी एम से शिकायत; कार्रवाई की मांग
सुल्तानपुर शहर के ठठेरी बाजार मेजरगंज में कथित अवैध निर्माण और बिना स्वीकृत मानचित्र के बेसमेंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी अभिषेक अग्रवाल ने उप जिलाधिकारी/नियंत्रण प्राधिकारी गरिमा सौनकिया को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग के बाद भी निर्माण नहीं रुक रहा है तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।शिकायतकर्ता अभिषेक अग्रवाल, निवासी मकान संख्या-124, ठठेरी बाजार, ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी रमेश चन्द्र जायसवाल अपने मकान/दुकान संख्या-125 में बिना नक्शा पास कराए भवन एवं बेसमेंट का निर्माण करा रहे हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के कारण उनके मकान की दक्षिणी दीवार को भी नुकसान पहुंच रहा है और उसके क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई बार अनुरोध करने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें धमकी देते हुए कहा गया कि “जहां शिकायत करनी है कर दो, दीवार हटाकर अपनी दीवार और बेसमेंट बनवाकर रहेंगे।”
अभिषेक अग्रवाल ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध निर्माण एवं बेसमेंट निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके मकान को गंभीर क्षति पहुंच सकती है।
फिलहाल प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। फिलहाल ये तो बानगी भर है नगर में एक दो नहीं दर्जनों भवन बिना नक्शे के बन रहे है,यहां तक कि बेशकीमती नजूल जमीनों पर अफसरों व कर्मियों की सांठगांठ पर धड़ल्ले से कब्जे हो रहे हैं। न रुकने के पीछे सेटिंग गेटिंग व फीलगुड जो चरम पर है।