खुले में पड़े गोवंशों के शवों का वीडियो वायरल जिम्मेदारों की लापरवाही पर उठे सवाल

खुले में पड़े गोवंशों के शवों का वीडियो वायरल

जिम्मेदारों की लापरवाही पर उठे सवाल

विकास मिश्रा
नैमिष टुडे संवाददाता

परसेंडी (सीतापुर)। विकास क्षेत्र परसेंडी के ग्राम भदियासी में खुले में पड़े मृत गोवंशों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई गोवंशों के शव खुले स्थान पर सड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मृत गोवंशों का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण एवं दफनाने के बजाय उन्हें खुले में छोड़ दिए जाने से गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत स्तर पर मृत पशुओं के सुरक्षित निस्तारण की जिम्मेदारी का पालन नहीं किया गया। ऐसे मामलों में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की जवाबदेही तय होती है, लेकिन उनकी ओर से घोर लापरवाही बरती गई है। खुले में पड़े शवों से दुर्गंध फैलने के साथ-साथ संक्रमण और पर्यावरण प्रदूषण का भी खतरा बढ़ गया है।

वहीं, विकास खंड परसेंडी के अधिकारियों की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। गोवंशों के संरक्षण और उनके उचित प्रबंधन की निगरानी की जिम्मेदारी होने के बावजूद विकास खंड स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से प्रशासनिक उदासीनता उजागर हुई है।

स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा मृत गोवंशों का तत्काल वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से निस्तारण कराने की मांग की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें