
संदना थाना क्षेत्र में खेत में मिला धड़ से अलग अज्ञात शव
सीतापुर में पुलिस को हत्या की आशंका, सिर की तलाश जारी
नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ सीतापुर
संदना सीतापुर
संदना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का धड़ से अलग शव मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार, देवरी खुर्द गांव निवासी सुरजबली के खेत में रविवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने यह शव देखा। शव की गर्दन धड़ से अलग थी और घटनास्थल पर सिर मौजूद नहीं था।
सूचना मिलते ही संदना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के खेतों और क्षेत्र में शव के सिर की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है और आसपास के थानों व जनपदों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। संदना थानाध्यक्ष मान सिंह पाल ने बताया कि अज्ञात शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद जांच को एक ठोस दिशा मिलेगी और घटना के कारणों का पता लगाने में आसानी होगी। पुलिस जल्द ही इस घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।