सपा का महमूदाबाद में प्रदर्शन, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सपा का महमूदाबाद में प्रदर्शन, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

महमूदाबाद/ सीतापुर /अनुज कुमार जैन
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा के नेतृत्व में बुधवार को महमूदाबाद में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके आवास से तहसील परिसर तक पैदल मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने जोहर यूनिवर्सिटी को ना तोड़ा जाए, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, स्मार्ट मीटर, ग्रामीण क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर विद्युत लाइनें, आवारा पशुओं की समस्या तथा जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं सहित कई मुद्दों को उठाया।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए शांतिपूर्ण आंदोलन के अधिकार का सम्मान करने की मांग की गई। बिजली उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर और कथित रूप से बिना जानकारी लोड बढ़ाए जाने से अधिक बिल आने का भी मुद्दा उठाया गया।
पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा ने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, पेट्रोल-डीजल, सीएनजी व रसोई गैस के दाम कम करने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, महमूदाबाद-सिधौली मार्ग की जर्जर सर्विस रोड का निर्माण कराने, सरकारी अस्पतालों और विद्यालयों में रिक्त पद भरने, बंद प्राथमिक विद्यालयों को पुनः संचालित करने, खराब हैंडपंप और राजकीय नलकूप चालू कराने, जल जीवन मिशन की जांच कराने तथा आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान कराने सहित 21 सूत्रीय मांगें सरकार के समक्ष रखीं।
उन्होंने कहा कि सरकार को जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे आम जनता, किसान, छात्र, युवा और कर्मचारियों को राहत मिल सके।
प्रदर्शन में मेराज,आजाद राइन, हिमांशु गुप्ता, लतीफ अहमद, एजाज राइन, बबलू प्रधान, गणेश प्रधान, अमर शुक्ला, विनीत यादव, परवीन यादव, सकेत यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें