
भूजल प्रश्नोत्तरी एवं जागरूकता रैली के माध्यम से जल संरक्षण हेतु किया जागरूक
प्रतापगढ़।जिलाधिकारी प्रतापगढ़ अभिषेक पांडेय के निर्देशानुसार लघु सिंचाई विभाग प्रतापगढ़ के सहयोग से आज पर्यावरण सेना द्वारा मान्धाता ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय विश्वनाथगंज में पर्यावरण सेना प्रमुख ग्रीनमैन अजय क्रांतिकारी के नेतृत्व में भूजल जागरूकता रैली का आयोजन कर लोगों को पानी बचाने हेतु प्रेरित किया।भूजल जागरूकता रैली में बच्चों ने पेड़ लगाओ-भूजल बचाओ।जल ही जीवन है।जल है तो कल है।जय प्रकृति जय जगत।”जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं कोई विकल्प” आदि नारे लगाकर लोगों को भूजल संचयन एवं जलवायु संरक्षण हेतु जागरूक किया।इसके बाद विद्यालय में ही पर्यावरण एवं भूजल प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन कर बच्चों से पर्यावरणीय सवाल पूंछे गए।बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नोत्तरी में भाग लिया और पूंछे गए सवालों के जवाब दिया।सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों कैफ,आकांक्षा एवं आदर्श सिंह को पर्यावरण सेना द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।भूजल जागरूकता गोष्ठी को संबोधित करते हुए यूनेस्को अवॉर्डी एवं पर्यावरण सेना प्रमुख ग्रीनमैन अजय क्रांतिकारी ने कहा कि पर्यावरणीय संतुलन के लिए पौधे लगाएं और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए हमें पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार अपनाते हुए जल की बर्बादी को रोकना होगा।उन्होंने सभी लोगों से वर्षा जल संचयन के लिए अपने घर से प्रयास करने हेतु प्रेरित किया।आगे उन्होंने कहा कि अगर समय रहते पर्यावरण एवं वर्षा जल संचयन नहीं किया तो पीढ़ियों के लिए पीने के पानी का संकट खड़ा हो जाएगा।जलवायु संकट के चलते अवर्षण की स्थिति में कृषि और जीवन के लिए संकट एक बड़ी चुनौती है।उन्होंने कहा कि हमें जल बर्बादी रोकते हुए वर्षा जल की हर एक बूंद बचानी होगी।
कॉलेज प्रधानाचार्या मंजू श्रीवास्तव ने अपने वक्तव्य में कहा कि जल के बिना जीवन नहीं है।हमें अपने दैनिक जीवन में जल की फिजूलखर्ची को रोकना होगा।शिक्षक अजय प्रताप सिंह ने लोगों से पेड़ लगाकर उसकी सुरक्षा करते हुए जल को बचाने की बात कही।उन्होंने सभी बच्चों को अपने अभिभावकों का सम्मान करने और उनको प्रणाम कर स्कूल आने हेतु प्रेरित किया।इस मौके पर मंजू श्रीवास्तव,नीलम देवी,सुनीता सिंह,निहाल,लक्ष्य कुमार,माही देवी,अजय सिंह,अरविंद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।