
प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में 12 जुलाई को होने वाले वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण अभियान के सापेक्ष जनपद सीतापुर में लगभग 71 लाख पौधे लगाए जाएंगे
सीतापुर। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र में वृद्धि के उद्देश्य से 12 जुलाई 2026 को आयोजित किए जा रहे एक ही दिन में 35 करोड़ पौधरोपण अभियान को सफल एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के संबंध में जनपद सीतापुर के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन तथा नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्री पी. गुरु प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने जनपद में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण अभियान की तैयारियों एवं विभागवार कार्ययोजना के संबंध में प्रमुख सचिव महोदय को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि प्रदेश में आयोजित किए जा रहे 35 करोड़ पौधरोपण अभियान के अंतर्गत जनपद सीतापुर में लगभग 71 लाख पौधों का रोपण कराया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं तथा पौधों की उपलब्धता, पौधरोपण स्थलों का चयन, गड्ढा खुदाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने बताया कि 12 जुलाई को होने वाले पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों द्वारा आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जाएगा।
बैठक में विशिष्ट वनों की स्थापना के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। जनपद में मिशन ध्रुवा के अंतर्गत 12,800 पौधे, महर्षि चरक औषधि वन के अंतर्गत 2,500 पौधे, समरस वन के अंतर्गत 135 पौधे, समृद्ध वन के अंतर्गत 1,250 पौधे, कृषि वन के अंतर्गत 3,200 पौधे, ऊर्जा वन के अंतर्गत 9,600 पौधे एवं एक्सप्रेस वे के अंतर्गत 8,000 पौधों का रोपण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त वंदे मातरम् वाटिका में 150 पौधे (15.08.2026), भाई बहन वन में 1,600 पौधे (28.08.2026) तथा एक पेड़ गुरु के नाम अभियान के अंतर्गत 11,200 पौधे (05.09.2026) लगाए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव महोदय ने 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण अभियान की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधरोपण स्थलों की निगरानी, पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
बैठक में प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग नवीन खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।