
जयरामपुर पीएचसी पर स्थायी डॉक्टर व स्टाफ की मांग को लेकर जज सिंह अन्ना का आमरण अनशन, प्रशासन से दो टूक—”मांगें पूरी होने तक नहीं टूटेगा अनशन
अरुण कुमार दुबे / ब्यूरो चीफ/जौनपुर
बरसठी/जौनपुर।सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना ने जयरामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर स्थायी चिकित्सक, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, स्वीपर, चौकीदार तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि 9 जुलाई को जिलाधिकारी जौनपुर एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के संयुक्त आदेश से अस्पताल का संचालन शुरू हुआ और उद्घाटन भी उनके द्वारा किया गया, लेकिन वर्तमान में केवल सीएचसी बरसठी से डॉक्टरों की अस्थायी ड्यूटी लगाई गई है, जिससे जनता संतुष्ट नहीं है।
अन्ना का आरोप है कि कुछ दिनों बाद यह व्यवस्था समाप्त हो जाएगी और अस्पताल फिर से केवल औपचारिक रूप से संचालित होगा। उन्होंने अस्पताल में स्थायी डॉक्टर, नियमित स्टाफ तथा बेड, स्ट्रेचर, लैब सामग्री सहित सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरण तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।
शुक्रवार सुबह 10 बजे शुरू हुआ अनशन शाम तक जारी रहा। शाम करीब 6:30 बजे बीडीओ बरसठी और थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे तथा अनशन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन जज सिंह अन्ना ने स्पष्ट कहा कि “जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनशन जारी रहेगा।” वहीं ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर राजेश और फार्मासिस्ट भी शाम 6 बजे तक अस्पताल में मौजूद रहे, जिसके बाद वापस चले गए।