
मिशन शक्ति टीम ने चंद घंटों में खोए मासूम को परिजनों से मिलाया, सीतापुर पुलिस की तत्परता की सराहना
नैमिष टुडे-अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर। पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली महमूदाबाद की मिशन शक्ति टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक खोए हुए मासूम बच्चे को चंद घंटों के भीतर उसके परिजनों से सकुशल मिला दिया। बच्चे के परिवार ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को चेकिंग के दौरान मिशन शक्ति टीम को महमूदाबाद क्षेत्र में एक मासूम बच्चा अकेला और परेशान अवस्था में घूमता मिला। पुलिस टीम ने बच्चे से स्नेहपूर्वक बातचीत की, जिस पर उसने अपना नाम बिलाल बताया। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि वह अपनी नानी के घर आया था और रास्ता भटक जाने के कारण अपने परिजनों से बिछड़ गया था।
बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति टीम उसे कोतवाली महमूदाबाद लेकर आई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे के परिजनों का पता लगाया और उन्हें थाने बुलाया। आवश्यक सत्यापन के बाद बच्चे को उसकी माता एवं अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने लापता बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने सीतापुर पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
*इस सराहनीय कार्य में शामिल पुलिस टीम* में प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह, अपराध निरीक्षक दयाशंकर, महिला आरक्षी काजल सक्सेना, महिला आरक्षी कविता शर्मा एवं महिला आरक्षी शालिनी पाण्डेय शामिल रहीं।
सीतापुर पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि वह आमजन की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए हर समय तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।