
मिश्रिख में विधायक रामकृष्ण भार्गव ने लाभार्थियों को सौंपे ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक
मिश्रित सीतापुर / जिलाधिकारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आज समांधान दिवस के अवसर पर जनपद सीतापुर की समस्त सातों तहसीलों में भव्य मेगा ऋण मेले का आयोजन किया गया। जनपद के सभी बैंकों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आमजन एवं पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई । मेले में आए आगंतुकों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य, एनआरएलएम सहित विभिन्न सरकारी ऋण योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। बैंक अधिकारियों ने लाभार्थियों को यह भी बताया कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से किस प्रकार नया उद्योग, व्यापार एवं स्वरोजगार प्रारंभ कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना जा सकता है । मिश्रित तहसील में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री रामकृष्ण भार्गव ने पीएम स्वनिधि योजना के एक दिव्यांग लाभार्थी को 50,000 रुपए ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के चयनित लाभार्थियों को ऋण वितरण के चेक भी प्रदान किए तथा युवाओं से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। । अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि ऐसे ऋण मेलों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाना तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों, स्ट्रीट वेंडरों एवं उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों, जिला प्रशासन, संबंधित विभागों एवं कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन जनपद में रोजगार सृजन एवं आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेंगे। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों , प्रशासनिक अधिकारियों, बैंक अधिकारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रही। मेगा ऋण मेला जनपदवासियों के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं वित्तीय सहायता प्राप्त करने का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।