
जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशानुसार विकास खंड बिचपुरी के मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र, मिढ़ाकुर में महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया
विष्णु सिकरवार
आगरा। कार्यक्रम के दौरान हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (HEW) टीम से श्रीमती वर्तिका दीक्षित (जिला मिशन कोऑर्डिनेटर) एवं श्रीमती शिखा दीक्षित (जेंडर स्पेशलिस्ट) द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला अधिकार, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, गुड टच एवं बैड टच, घरेलू हिंसा तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1098 एवं 112 के संबंध में जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनके उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर महिलाओं को बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी सरकारी योजनाओं एवं महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
इस अवसर पर मिढ़ाकुर क्षेत्र की सुपरवाइजर श्रीमती शुभांगी वर्मा सहित क्षेत्र की महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।