फोन पर अधिवक्ता से अभद्रता और तहसील प्रशासन पर टिप्पणी का आरोप, एसआई के खिलाफ सीओ से शिकायत

फोन पर अधिवक्ता से अभद्रता और तहसील प्रशासन पर टिप्पणी का आरोप, एसआई के खिलाफ सीओ से शिकायत

जौनपुर ब्यूरो चीफ अरुण कुमार दुबे नैमिष टुडे

जौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के सिंगरामऊ थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर पर अधिवक्ता से फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने तथा तहसील प्रशासन पर गंभीर टिप्पणी करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में अधिवक्ता एवं भाजपा मंडल मंत्री मनोज कुमार तिवारी ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) बदलापुर को प्रार्थना पत्र देकर जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधावल निवासी गोधन लाल अपनी भूमि संबंधी विवाद को लेकर अधिवक्ता मनोज कुमार तिवारी के पास पहुंचे थे। अधिवक्ता का कहना है कि खतौनी संख्या 470 में दर्ज आदेशों के संबंध में जानकारी लेने के लिए उन्होंने अभिलेखों का अवलोकन करने के बाद सिंगरामऊ थाने का रुख किया। वहां संबंधित एसआई मंशाराम गुप्ता के मौजूद न होने पर उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान एसआई ने अधिवक्ता के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और तहसील प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खतौनी में आदेश धनबल के आधार पर दर्ज कराए जाते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस प्रकार की टिप्पणी से तहसील प्रशासन की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।

अधिवक्ता मनोज कुमार तिवारी ने सीओ से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा संबंधित एसआई को तलब कर खतौनी संख्या 470 में दर्ज आदेशों की सत्यता की जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि लगाए गए आरोप निराधार पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिस अधिकारी के विरुद्ध मानहानि सहित विधिक कार्रवाई की जाए।

शिकायत में अधिवक्ता ने यह भी सवाल उठाया है कि यदि एक अधिवक्ता के साथ ऐसा व्यवहार किया गया है तो आम फरियादियों के साथ पुलिस का रवैया कैसा होगा। मामले को लेकर स्थानीय अधिवक्ताओं एवं राजनीतिक हलकों में चर्चा का माहौल है।

फिलहाल, इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें