सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन

 

सहायक अभियंता की फटकार के बावजूद जारी है घटिया निर्माण कार्य

 

नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ सीतापुर

सन्दना/सीतापुर
सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर लौली पुलिया से हरिहरपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के मरम्मत कार्य में गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है और सहायक अभियंता के निर्देशों के बावजूद ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग की मरम्मत का कार्य इन दिनों चल रहा है। यह सड़क कई इंटर कॉलेजों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को जोड़ती है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों बाद इस सड़क की मरम्मत कराई जा रही है, लेकिन निर्माण कार्य में डामर और गिट्टी की पर्याप्त मात्रा का प्रयोग नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर डामर की परत काफी पतली बिछाई जा रही है और गिट्टी भी मानक के अनुसार नहीं डाली जा रही है, जिससे सड़क के जल्द ही टूटने की आशंका है। इसके चलते ग्रामीणों को दोबारा गड्ढों से भरी सड़क पर चलने को मजबूर होना पड़ सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, चार दिन पूर्व मौके पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता ने निर्माण कार्य में खामियां मिलने पर ठेकेदार भोगनाथ को कड़ी फटकार लगाई थी और गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य में कोई सुधार नहीं हुआ और पहले की तरह ही घटिया सामग्री का प्रयोग जारी है।
मौके पर मौजूद ग्रामीण राकेश, दीपक, जसवंत, जलाल, नाते और अशोक ने कहा कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो सड़क कुछ ही समय में टूट जाएगी और जनता की परेशानी फिर बढ़ जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण कराने की मांग की है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें