
निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और जबरन जिंक लेने का दबाव, विरोध करने पर किसान से मारपीट का आरोप
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवां (सीतापुर)। तहसील बिसवां क्षेत्र में यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। ग्राम मल्हपुर मजरा अहमदाबाद निवासी किसान बेचेलाल पुत्र चन्द्रभाल ने उपजिलाधिकारी बिसवां को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर एक खाद विक्रेता पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने, जबरन जिंक खरीदने का दबाव बनाने तथा विरोध करने पर मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, किसान बेचेलाल खाद खरीदने के लिए बिसवां स्थित जय मां ट्रेडिंग कंपनी, मधईपुर पहुंचे। वहां मौजूद दुकान संचालक संदीप पुत्र रमेश चंद्र, निवासी कौवा खेड़ा, थाना सकरन, ने कथित रूप से यूरिया खाद की सरकारी खुदरा कीमत 266.50 रुपये प्रति बोरी होने के बावजूद 450 रुपये प्रति बोरी की मांग की। आरोप है कि इसके अलावा किसान को 5 किलोग्राम जिंक का पैकेट 350 रुपये में खरीदने के लिए भी मजबूर किया गया।
पीड़ित किसान का कहना है कि जब उसने जिंक खरीदने से इनकार करते हुए केवल निर्धारित मूल्य पर यूरिया देने की बात कही और 267 रुपये देने को तैयार हुआ, तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और कथित रूप से लात-घूंसों से मारपीट कर दुकान से भगा दिया।
पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए सरकारी निर्धारित खुदरा मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराने तथा संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध उर्वरक की कालाबाजारी और मारपीट के आरोपों में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।