
12,800 पौधों के महाअभियान से सराय नदी बनेगी हरित धरोहर…जनक कुमारी सिंह
अभिषेक शुक्ला
नैमिष टुडे
कमलापुर सीतापुर कमलापुर वन विभाग, वन क्षेत्र सिधौली द्वारा ग्राम पंचायत नयागांव में सराय नदी के दोनों तटों पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12,800 पौधों के पौधारोपण कार्य का शुभारंभ किया गया। यह अभियान निवर्तमान ग्राम प्रधान जनक कुमारी सिंह के अथक प्रयासों का परिणाम है।
जनक कुमारी सिंह ने पौधारोपण हेतु आवश्यक पौध एवं विभागीय सहयोग उपलब्ध कराने के लिए वन क्षेत्र अधिकारी, सिधौली, प्रभारी निदेशक, सामाजिक वानिकी, सीतापुर तथा जिलाधिकारी, सीतापुर को पत्र लिखकर अनुरोध किया था। उनके सतत प्रयासों से यह महत्वाकांक्षी अभियान साकार हो सका।
पौधारोपण अभियान का शुभारंभ निवर्तमान प्रधान प्रतिनिधि वेद सिंह एवं पूर्व प्रधान मग्नू राजवंशी ने पौधे लगाकर किया।
इस अवसर पर डिप्टी रेंजर अभिषेक सिंह एवं वनरक्षक अनूप सिंह ने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया पूर्व प्रधान मग्नू राजवंशी ने बताया कि पर्यावरण प्रेमी सत्य प्रकाश सिंह, सह जिला सेवा प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं अध्यक्ष, श्री ओम प्रकाश सिंह फाउंडेशन द्वारा जनपद सीतापुर में सराय नदी के दोनों तटों पर पौधारोपण कराने के लिए शासन एवं प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर कई वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आज यह अभियान जनभागीदारी का स्वरूप लेता जा रहा है।
कार्यक्रम में वनरक्षक जितेन्द्र कुमार, जयबिंद, मनोज कुमार सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राम पंचायत के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
सराय नदी के दोनों तटों पर लगाए जा रहे 12,800 पौधे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने, नदी तटों के संरक्षण, भू-क्षरण रोकने, भूजल स्तर में सुधार तथा स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।