
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने उठाए आगरा-जलेसर मार्ग व पुल निर्माण के मुद्दे, सीएम ने दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश
विष्णु सिकरवार
आगरा। रविवार को मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वप्रथम लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों तथा प्रस्तावित कार्ययोजना की विधानसभावार समीक्षा की गई।
बैठक में एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने पुरजोर तरीके से आगरा-जलेसर मार्ग की खस्ता हालत का मुद्दा मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से बजट स्वीकृत है, लेकिन पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया मा. सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने के कारण कार्य रुका हुआ है। विधायक ने अतिशीघ्र आगरा-जलेसर मार्ग निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि उक्त मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाओं से लोगों की जान जा रही है और क्षेत्रवासियों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मा. मुख्यमंत्री ने आगरा-जलेसर मार्ग निर्माण में आ रही अड़चन को शीघ्र दूर करने तथा प्रभावी पैरवी कर कार्य प्रारंभ कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
विधायक धर्मपाल सिंह ने दयालबाग से खंदौली बाईपास निर्माण हेतु अति शीघ्र यमुना नदी पर पुल निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि अभी अस्थाई पुल से रोजाना 15 से 16 हजार वाहन गुजर रहे हैं। उक्त सेतु निर्माण से आगरा शहर में यातायात व्यवस्था में बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त विधायक ने एत्मादपुर बाईपास निर्माण तथा एत्मादपुर में इंडस्ट्रियल क्लस्टर की स्थापना की भी मांग रखी। मा. मुख्यमंत्री ने उक्त सभी कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण किए जाने हेतु संबंधित विभागों को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए।