
मेधावी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का हुआ सम्मान, दिव्यांगजनों के सम्मान का दिया संदेश
सीतापुर। राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के तत्वावधान में रविवार को कबीला रिज़ॉर्ट, पंचम पुरवा, सीतापुर में मेधावी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिन्दू ने मेधावी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप शुक्ला ने कहा कि शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के कारण किसी भी व्यक्ति को हीन दृष्टि से नहीं देखना चाहिए। भगवान ने सभी को समान बनाया है और समाज में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उतना ही अधिकार है, जितना किसी सामान्य व्यक्ति को।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिन्दू ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें अत्यंत संतुष्टि प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि ईश्वर किसी को दिव्यांग न बनाए, लेकिन दिव्यांगजनों के भीतर भगवान विशेष क्षमता और अद्भुत प्रतिभा प्रदान करते हैं। समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का नैतिक दायित्व है कि उन्हें भी वही सम्मान और अवसर मिले, जिसके वे पूर्ण रूप से अधिकारी हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय हिंदू शेर सेना के सीतापुर जनपद के पदाधिकारी, दिव्यांग छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक के साथ साथ विकलांग ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रवीण सिन्हा वंदना जी नितेश शुक्ला जी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजनकर्ता प्रदीप शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।