
मनरेगा मजदूरी हड़पने का आरोप, पीड़ित मजदूर ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
महमूदाबाद, सीतापुर
विकास खण्ड महमूदाबाद की ग्राम पंचायत रमद्वारी द्वितीय के निवासी गिरीश चन्द्र पुत्र बाबादीन ने जिलाधिकारी सीतापुर को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम प्रधान सहित दो लोगों पर मनरेगा मजदूरी की धनराशि हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा बकाया मजदूरी दिलाए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार गिरीश चन्द्र एवं उनकी पत्नी माधुरी देवी मनरेगा योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक हैं और उनका जॉब कार्ड संख्या 000436 है। आरोप है कि दोनों ने मनरेगा के तहत कार्य किया था, जिसके बदले उन्हें 100-100 दिनों की मजदूरी प्राप्त होनी थी। लेकिन ग्राम प्रधान सत्येन्द्र उर्फ रिकू तथा अमरेन्द्र उर्फ हिन्दू ने कथित रूप से मिलीभगत कर धोखाधड़ीपूर्वक उनके बैंक खाते से मशीन पर अंगूठा लगवाकर पूरी मजदूरी की धनराशि निकाल ली।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी मजदूरी की रकम वापस मांगी तो विपक्षीगण लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में पुनः पैसे मांगने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, गाली-गलौज की गई तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकियां दी गईं। साथ ही मजदूरी की धनराशि लौटाने से भी साफ इंकार कर दिया गया।
गिरीश चन्द्र ने बताया कि वह एक गरीब मजदूर हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण मजदूरी के सहारे करते हैं, जबकि आरोपित पक्ष प्रभावशाली और राजनीतिक पहुंच रखने वाले हैं। उनका कहना है कि इस कारण उन्हें न्याय मिलने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए शिकायती पत्र पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध विधिक एवं दण्डात्मक कार्रवाई करने तथा उनकी एवं उनकी पत्नी की बकाया मनरेगा मजदूरी दिलाए जाने की मांग की है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासनिक जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।