
गोपालपुर भट्ठा चौराहे के पास दो बाइकों की भिड़ंत, युवक गंभीर घायल
अजय भार्गव
नैमिष टुडे /संवाददाता
संदना सीतापुर
संदना थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर गोपालपुर भट्ठा चौराहे के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुचलाई गांव निवासी अरफात अली पुत्र माशूक अली अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अरफात अली सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही संदना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी भेजा। वहीं हादसे के बाद दूसरी बाइक चला रहा युवक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल युवक का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।