
सुभासपा ने सीतापुर में किया विशाल सामाजिक समरसता सम्मेलन
डॉ. अरविंद राजभर बोले : समाज के इतिहास से छेड़छाड़ करने वाले “भस्मासुर” बन चुके हैं
नैमिष टुडे संवाददाता
अजय भार्गव
गोंदलामऊ/सीतापुर
सीतापुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) द्वारा मंगलवार को विकास खंड गोंदलामऊ स्थित कैलाश आश्रम में विशाल “सामाजिक समरसता एवं कार्यकर्ता सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अर्कवंशी रामजी शास्त्री ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अरविंद राजभर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा के मिश्रिख लोकसभा सांसद एवं मोहनलालगंज के पूर्व सांसद पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि अर्कवंशी समाज के वोटों से जनप्रतिनिधि बनने वाले कुछ लोग अब उसी समाज के महापुरुषों और इतिहास को अपना बताकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग “भस्मासुर” की भूमिका में आ गए हैं, जो समाज के सम्मान और पहचान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
डॉ. राजभर ने कहा कि अर्कवंशी समाज अब जागरूक हो चुका है और अपने महापुरुषों के सम्मान तथा इतिहास की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन को सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी, डॉ. मनोज सिंह अर्कवंशी, भैयालाल अर्कवंशी, रितेश सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, सामाजिक एकता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर गोंदलामऊ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय अर्कवंशी, योगेन्द्र सिंह अर्कवंशी, मदन पाल सिंह अर्कवंशी, राममूर्ति अर्कवंशी, राजीव सिंह अर्कवंशी, गया प्रसाद, कुलदीप रावत, हरद्वारी कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।