महमूदाबाद में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन की गूंज, देर रात तक झूमे श्रोता

महमूदाबाद में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन की गूंज, देर रात तक झूमे श्रोता

अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर।
नगर के प्रसिद्ध मां संकटा देवी मंदिर के सांस्कृतिक मंच पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार रात्रि 8 बजे से भव्य राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए ओज, श्रृंगार एवं हास्य-व्यंग्य के नामचीन कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुर्सी क्षेत्र के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने कहा कि कविता प्राचीन काल से ही जनमानस और शासन को जागरूक करने का सशक्त माध्यम रही है। ऐसे आयोजनों से लोगों को साहित्य के नए प्रयोगों की जानकारी मिलती है।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ खागा, फतेहपुर से आए हास्य कवि समीर शुक्ल की वाणी वंदना से हुआ, जिन्होंने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। इटावा से पधारे ओजस्वी कवि देवेंद्र प्रताप सिंह ‘आग’ ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता प्रस्तुत कर वातावरण को ऊर्जा से भर दिया। प्रसिद्ध गीतकार डॉ. ओम शर्मा ने सामाजिक विसंगतियों पर तीखा प्रहार किया, वहीं बाराबंकी के व्यंग्यकार विकास बौखल ने हास्य-व्यंग्य के माध्यम से श्रोताओं को हंसी से लोटपोट कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य भूषण सम्मान से सम्मानित कवि कमलेश मौर्य ‘मृदु’ ने की। संचालन ओज एवं शौर्य के कवि राम किशोर तिवारी ने किया, जिन्होंने अपनी प्रस्तुति से भी श्रोताओं का मन मोह लिया। इसके अलावा मृत्युंजय वाजपेयी एवं भास्कर शर्मा ने भी अपनी कविताओं से खूब सराहना बटोरी।
इस अवसर पर जिला पंचायत बाराबंकी की अध्यक्षा राजरानी रावत, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा सहित अन्य अतिथियों एवं कवियों का धाम समिति के अध्यक्ष रमेश वाजपेयी, शिवदास पुरवार, शिवम विक्रांत, लालतस प्रसाद जायसवाल एवं अशोक नाग द्वारा अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां संकटा के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने देर रात तक कवि सम्मेलन का आनंद लिया।
मेला महोत्सव में
श्री संकटा देवी मंदिर मेला महोत्सव के अंतर्गत चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार रात्रि 8 बजे से गजानन पार्टी के कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी मेला मैनेजर अशोक नाग ने दी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें