सुल्तानपुर में गैस कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, कई एजेंसियों पर छापेमारी

सुल्तानपुर में गैस कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, कई एजेंसियों पर छापेमारी

*जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी की कार्रवाई • खाड़ी क्षेत्र में युद्ध के चलते बढ़ी सतर्कता • रसोई गैस की जमाखोरी रोकने के लिए अभियान तेज*
सुल्तानपुर।
जनपद सुल्तानपुर में रसोई गैस की संभावित कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य द्वारा जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य एवं रसद विभाग की टीम ने कई गैस एजेंसियों पर औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने एजेंसियों के स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली तथा उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। जांच के दौरान एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध के मद्देनजर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर सरकार और जिला प्रशासन विशेष रूप से सतर्क है। इसी क्रम में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य ने कहा कि यदि किसी भी एजेंसी द्वारा अनियमितता या कालाबाजारी पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि यदि कहीं गैस की कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूले जाने की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में गैस कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें