
नगर पालिका मिश्रित नैमिषारण्य में बिना ट्रेनिंग के दिया जा रहा अतिरिक्त कार्य
मिश्रित सीतापुर / फरवरी – नगर पालिका परिषद मिश्रित नैमिषारण्य नियमित कर्मचारियों के अभाव से जूझ रही है । यहां तैनाती किसी और पद पर है । कार्य किसी और पद का लिया जा रहा है ।संबंधित पद ट्रेनिंग तथा कार्य दक्षता के अभाव में पालिका के कार्य जहां बुरी तरह प्रभावित हैं । वहीं नगरीय विकास कार्य भी भगवान भरोसे ही संचालित हो रहे हैं । इसका खमियाजा नगर पालिका क्षेत्र में निवास करने वाली आम जनता को भुगतना पड़ रहा है । आपको बता दें कि नगर पालिका परिषद मिश्रित नैमिषारण्य में तैनात सफाई कर्मचारी विपिन कुमार और अनिल कुमार मिश्रित नगर के मोहल्ला खाकी सरांय में स्थित पानी टंकी पर एक दिन में दूसरा पंप चलाने का कार्य कर रहे हैं । सफाई कर्मचारी रामखेलावन इलेक्ट्रानिक सीढी वाहन चालक का कार्य कर रहे हैं । जबकि सफाई कर्मचारी अश्वनी कुमार गृह कर , जलकर व जल मूल्य वसूली के कार्य में लगे हुए हैं । सफाई कर्मचारी अशोक कुमार सिंह के जिम्मे ई रिक्शा रजिस्ट्रेशन , जल मूल्य तथा भूमि किराया वसूली के कार्य में लगा दिया गया है । जल कल चौकीदार रवि गुप्ता टैक्स वसूली कार्य और जुर्माना वसूली कार्य करने में मशगूल हैं । ब्रह्मादीन गौतम पालिका में जूनियर फिटर के रूप में नियुक्त है । लेकिन निकाय क्षेत्र में पाइपलाइन लीकेज और नवीन जल संयोजन कार्य में लगे हुए हैं । लिपिक राजेश कुमार वर्मा की नियुक्ति तो पालिका में कर संग्रह के रूप में हैं । लेकिन कार्य कर रहे हैं निर्माण लेखा , जलकल लिपिक के साथ ही अन्य लिपिकीय कार्य और गौशाला लिपिक पद का कार्य संभालने के साथ ही पालिका के प्रधान लिपिक का भी कार्य संभाल रहे हैं । मनोज कुमार की नियुक्ति तो कार्यालय चौकीदार के रूप में है । लेकिन कार्य कार्यालय चपरासी का देख रहे हैं । चपरासी दीपक कुमार को टैक्स वसूली कार्य , पालीथिन जप्तीकरण , जुर्माना वसूली कार्य हेतु नैमिषारण्य में लगाया गया है । अमजद अली नामक कर्मचारी की तैनाती तो माली पद पर है । लेकिन नैमिषारण्य के होरियल टीला पंप हाउस पर पंप चलाने का कार्य कर रहे हैं । कार्यालय चपरासी सुशील कुमार पद का कार्य करने के साथ ही अतिरिक्त कार्य के रूप में पालिका क्षेत्र में टैक्स वसूली भी कर रहे हैं । चपरासी महेंद्र कुमार से पालीथिन जप्तीकरण जुर्माना कार्य कराया जा रहा है । लिपिक राकेश कुमार वर्मा द्वारा वृद्धावस्था , विकलांग , विधवा पेंशन कार्य के साथ ही प्रकाश व्यवस्था प्रभारी का कार्य भी संभाला जा रहा है । लिपिक प्रतीक गुप्ता द्वारा जन्म , मृत्यु , नक्शा आइजीआरएस जनसुनवाई का कार्य संभाला जा रहा है । लिपिक कृष्णा देवी डाक डिस्पैच स्टोर कीपर के साथ ही कैशियर वसूली का कार्य संभाल रही हैं । लिपिक शिव शंकर दिक्षित जनगणना निर्वाचन जनरल लिपिकीय कार्य के साथ ही ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन का जहां पर कार्य संभाल रहे हैं । वहीं लिपिक धीरेंद्र कुमार बाजपेई अधिष्ठान कार्य के साथ ही सेवानिवृत कर्मचारी पेंशन का कार्य देख रहे हैं । जब कि जलकल अभियंता मोनिशा गुप्ता अपने पद का कार्य संभालने के साथ ही पालिका में होने वाली मीटिंगों का कार्य भी संभाल रही है । इस तरह से पालिका के कर्मचारी अपने पद के अलावा काफी अतिरिक्त कार्य कई पदों का देख रहे है। जिससे सभी कार्य प्रभावित हो रहे हैं ।