
दिव्यांगों और बुजुर्गों के सहारे का दिन होगा सोमवार, जादीपुर में लगेगा बड़ा शिविर
-सामाजिक अधिकारिता शिविर में दिव्यांग व वरिष्ठजनों को मिलेंगे उपकरण
-आएंगे केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा, भाजपाइयों का होगा जमावड़ा
सुलतानपुर। जिले के भदैया क्षेत्र के ग्राम जादीपुर (पोस्ट पखरौली) स्थित बसंतवीर बाबा धाम के मैदान में सोमवार को सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों तथा एडिप योजना के तहत दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा शामिल होंगे। यह आयोजन भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत किया जा रहा है।शिविर का आयोजन Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India (ALIMCO) द्वारा किया जा रहा है, जबकि जिला प्रशासन सुलतानपुर का सहयोग भी रहेगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और बुजुर्गों को सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की भी संभावना है। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह, विधायक सीताराम वर्मा, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, विधायक विनोद सिंह, विधायक राजेश कुमार गौतम, विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। आयोजकों के अनुसार शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए जाएंगे और कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।