उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मा0 सुजीता कुमारी बुधवार को सीतापुर की सदर तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई

सीतापुर  उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मा0 सुजीता कुमारी बुधवार को सीतापुर की सदर तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपस्थित हुईं, जिसमें 19 शिकायतें प्राप्त हुयीं। उन्होंने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आईं महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि हर पीड़ित महिला को न्याय दिलाना महिला आयोग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मा0 सदस्य महोदया ने शिकायकर्ता महिला को कम्बल देते हुये आर्थिक सहायता प्रदान की।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं और घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसी विभिन्न समस्याएं रखीं। कई पीड़िताओं ने अपनी शिकायतें महिला आयोग को लिखित रूप में भी सौंपीं। मा0 सदस्य सुजीता कुमारी ने कहा कि महिला आयोग इन शिकायतों को गंभीरता से लेकर संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से शीघ्र न्याय सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि महिला आयोग एक वैधानिक संस्था है जो राज्य में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए कार्य करती है। आयोग समय-समय पर जनसुनवाई, जागरूकता कार्यक्रम और निरीक्षण अभियान चलाता है, जिससे महिलाओं की समस्याओं को समझा जा सके और उनका त्वरित समाधान हो सके।
मा0 सदस्य सुजीता कुमारी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। उन्हें अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़ा होना चाहिए। महिला आयोग हर उस महिला के साथ खड़ा है जो अपने हक के लिए लड़ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आयोग न केवल पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाता है बल्कि उन्हें परामर्श, कानूनी सहायता और मानसिक सहयोग भी उपलब्ध कराता है। आयोग की यही कोशिश रहती है कि कोई भी महिला अकेली महसूस न करे और उसे पूरा सहयोग मिले।
मा0 सदस्य महोदया द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परसेंडी का निरीक्षण करते हुये संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किये गये। राजकीय यूनानी चिकित्सालय का निरीक्षण कर वहां पर 03 महिलाओं की गोद भराई करते हुये एक बच्चे का अन्नप्राशन किया। मा0 सदस्य महोदया द्वारा ब्लॉक परसेंडी में जन जागरूकता चौपाल आयोजित किया गया, जिसमें सभी की समस्याओं को सुनते हुये प्रभावी निस्तारण के निर्देश संबंधित को प्रदान किये गये।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रिया पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें