
देवरिया में 85 लाख रुपए के मोमो खा गया 7वीं क्लास का बच्चा,पिता को लगी भनक तो पुलिस से की शिकायत,हिरासत में विक्रेता
देवरिया।उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से अचंभित करने वाला एक मामला सामने आया है। 7वीं क्लास में पढ़ने वाले बच्चे ने मोमो खाने की लत में अपने घर पर रखी 85 लाख रुपए की ज्वैलरी मोमो विक्रेता को दे दी।जब ये मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस भी हैरान रह गई।हालांकि बाद में पुलिस ने ज्वैलरी रखने वाले 2 मोमो विक्रेताओं को हिरासत में लिया है।
बता दें कि मामला जिले के रामपुरकारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव का है।मोमो खिलाने के नाम पर 3 युवकों ने एक लड़के से धीरे-धीरे लाखों के जेवर ले लिए।जब घर वालों ने अलमारी खोली तो इस बात का पता चला।
विमलेश मिश्र काशी में एक मंदिर में पुजारी हैं।विमलेश ने बताया कि उनका लड़का कक्षा 7 में पढ़ता है और उसे मोमो खाने का शौक है।
विमलेश का आरोप है कि देवरिया-कसया मार्ग स्थित डुमरी चौराहे पर मोमो की दुकान लगाने वाले तीन युवकों ने उनके बेटे को बहलाकर घर के सभी जेवरात ले लिए। उन्होंने थाने में इस बात की तहरीर दी है। पिता का आरोप है कि उनके लड़के ने उनका और उनकी बहन का घर में रखा लगभग 85 लाख रुपये का जेवर लाकर मोमोज बेचने वाले तीनों युवकों को दे दिया।
जब उनकी बहन अपना जेवर मांगने के लिए आईं तो अलमारी खोलते ही विमलेश और उनकी बहन के होश उड़ गए। अलमारी में रखा सारा जेवर गायब था। शक होने पर अपने बच्चे से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने, मोमो खाने के लिए जेवर हुमरी चौराहे के दुकानदारों को दे दिए हैं।
लड़के के पिता ने थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस, तहरीर के बाद पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि ग्राम भगवानपुर तिवारी निवासी विमलेश मिश्रा द्वारा तहरीरी सूचना देकर अवगत कराया कि उनके नाबालिक बेटे ने मोमो खाने के लिए घर में रखे सोने-चांदी के कई आभूषण मोमो बेचने वाले को दे दिए हैं। उक्त के संबंध में थाना रामपुर कारखाना पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए 2 लोगों को हिरासत में लेकर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।