
ऋषभ दुबे /नैमिष टुडे
कन्नौज में एक दुल्हन की शादी वाले दिन मौत हो गई। दुल्हन को अचानक पेट में दर्द हुआ था। परिवार वाले उसे गांव के झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए। उसने दुल्हन को एक इंजेक्शन लगाया। इसके बाद परिवार वाले दुल्हन को लेकर घर वापस आ गए। फिर दुल्हन जयमाल के लिए सजने लगी। इसी दौरान उसकी जान चली गई।
वहीं, बारात उसके गांव पहुंचने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही दुल्हन की मौत की खबर दूल्हे तक पहुंच गई। इसके बाद बारात आधे रास्ते से वापस लौट गई। मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र का है।
किसवापुर गांव में रहने वाली रिंकी (22) की शनिवार को शादी थी। रिंकी के 4 भाई और 3 बहनें हैं। वो 8वीं तक पढ़ी है। पिता महेश खेती किसानी के साथ मजदूरी भी करते हैं। उसकी शादी उमर्दा क्षेत्र के सुखी गांव में रहने वाले राहुल (25) से तय हुई थी। राहुल प्राइवेट नौकरी करता है।
रविवार को रिंकी की विदाई होनी थी, लेकिन उसी दिन घर से उसकी अर्थी उठी। हालांकि, दुल्हन के अंतिम संस्कार में उसके ससुराल वाले शामिल नहीं हुए।
वहीं, घरवालों ने झोलाछाप डॉक्टर सीपी सिंह के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई से मना कर दिया। घरवालों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए दुल्हन का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना के बाद से आरोपी झोलाछाप डॉक्टर सीपी सिंह फरार है।पिता बोले- रिंकी के पेट में बहुत तेज दर्द हो रहा था
रिंकी के पिता महेश बाथम ने बताया- घर से ही बेटी की शादी कर रहे थे। सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं। आंगन में मंडप सजाया गया था। हम लोग बारात का इंतजार कर रहे थे। तभी मुझे मेरी पत्नी ने बताया कि रिंकी के पेट में बहुत तेज दर्द हो रहा है। मैं कुछ रिश्तेदारों के साथ उसको लेकर गांव के डॉक्टर सीपी सिंह के पास गया। वहां उन्होंने बेटी को दवा दी और इंजेक्शन लगाया।विदाई वाले दिन उठाई बेटी की अर्थी
पिता ने बताया- बेटी रिंकी उसके बाद घर आ गई। उसको सभी लोग तैयार करने में लग गए। मैं भी अपने कामों में लग गया। अचानक बेटी के कमरे से रोने की आवाजें आने लगीं। मैं कमरे में पहुंचा तो देखा बेटी जमीन पर लेटी हुई थी। उसकी मां बोल रही थी कि बेटी मर गई है।
मुझे यकीन नहीं हुआ, तो मैंने डॉक्टर को बुलाया। उसने भी चेक करके बेटी को मृत बता दिया। हम लोगों ने इसकी जानकारी बेटी के ससुराल वालों दी। इसके बाद वो लोग बारात लेकर लौट गए। हम लोगों ने सोचा था कि बेटी को विदा करेंगे। लेकिन, विदाई के दिन ही उसकी अर्थी उठाई है।