पट्टी क्षेत्र में 80 से अधिक स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडाल, गूंज रहे मां के जयकारे

पट्टी क्षेत्र में 80 से अधिक स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडाल, गूंज रहे मां के जयकारे

पट्टी नगर पंचायत के सभी वार्डों में सजे मां दुर्गा के पंडाल, दर्शन-पूजन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

बेलखरनाथ धाम समेत गांवों और बाजारों में नवरात्र की धूम, सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
प्रतापगढ़।
शारदीय नवरात्र के आगमन के साथ ही पट्टी तहसील क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो उठा है। गांवों से लेकर बाजारों तक मां दुर्गा के जयकारे गूंज रहे हैं। जगह-जगह आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए हैं, जहां मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जा रहा है। बाबा बेलखरनाथ धाम स्थित मां पार्वती मंदिर समेत क्षेत्र के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। पट्टी सर्किल क्षेत्र में 80 से अधिक स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
रविवार को नवरात्र के पहले दिन घरों और मंदिरों में कलश स्थापना के साथ मां शैलपुत्री की आराधना की गई। सोमवार को दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना हुई। श्रद्धालुओं ने मां को पुष्प, धूप-दीप और मिश्री का भोग अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण आध्यात्मिक बना हुआ है।

*गांवों से बाजारों तक सजे पूजा पंडाल*

दिलीपपुर, दीवानगंज बाजार, रखहा, शीतलगंज, सोनाही, आसलपुर, करणपुर खूंझी, खूंझी कला, सराय गनई, पिपरी खालसा और मोलनापुर समेत विभिन्न गांवों और बाजारों में दुर्गा पूजा की तैयारियां की गई हैं। बाबा बेलखरनाथ धाम स्थित मां पार्वती मंदिर, महामाया धाम खूंझी कला और करणपुर खूंझी के काली मंदिर में भी श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिल रही है। पूजा समितियों की ओर से प्रतिदिन पूजन-अर्चन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विभिन्न पूजा आयोजनों में विनय पांडेय, अमित जायसवाल, राजकुमार जायसवाल, विकास सिंह, सोनू साहू, सुधाकर सिंह, शिवशंकर जायसवाल, विनोद कुमार जायसवाल, लालता प्रसाद सोनी, आशीष गुप्ता, संतोष तिवारी, राजू मोदनवाल, सियाराम सोनी, संतोष कौशल, संतोष मिश्रा और संजय मिश्रा सहित स्थानीय श्रद्धालु सहयोग कर रहे हैं। पंडित श्याम शंकर दुबे समेत आचार्यों और पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं।

80 स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस मुस्तैद

नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह ने बताया कि पट्टी सर्किल के पट्टी, कंधई, दिलीपपुर और आसपुर देवसरा थाना क्षेत्रों में लगभग 80 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सभी पूजा पंडालों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नवरात्र के साथ ही पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में जुटे हैं और पूजा समितियां पर्व को श्रद्धा, उल्लास तथा आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने में लगी हैं।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें