
राहुल मिश्रा हत्याकांड में मुख्य आरोपी रोहित पटेल गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद
पैसों के लेन-देन के विवाद में युवक की मौत का मामला, संग्रामगढ़ पुलिस की कार्रवाई
कुंडा/प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के चकेढ़ी गांव में राहुल मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को वांछित अभियुक्त रोहित पटेल उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद करने का दावा किया है। आरोपी की गिरफ्तारी चेरगढ़ तिराहे के पास से की गई।पुलिस के अनुसार, चकेढ़ी गांव निवासी मृतक के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 8 अक्टूबर को रोहित पटेल उनके पुत्र को अपने घर ले गया था। वहां पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि रोहित पटेल, उसकी पत्नी और दो अज्ञात व्यक्तियों ने एकराय होकर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से युवक की पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी संग्रामगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने पहले भी धमकी दिए जाने का आरोप लगाया था।तहरीर के आधार पर संग्रामगढ़ थाने में मुकदमा संख्या 195/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) में दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी रोहित पटेल उर्फ कल्लू (करीब 25 वर्ष) सराय निर्भय गांव का निवासी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार यादव समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।