खंड विकास अधिकारी ने सकरन खुर्द गौशाला का किया निरीक्षण सचिव और प्रशासक को नोटिस,

खंड विकास अधिकारी ने सकरन खुर्द गौशाला का किया निरीक्षण

सचिव और प्रशासक को नोटिस,

विकास मिश्रा/नैमिष टुडे

सकरन/सीतापुर। विकास खण्ड सकरन क्षेत्र की ग्राम पंचायत सकरन खुर्द स्थित अस्थायी गौशाला का शुक्रवार को खण्ड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान गौशाला में कई खामियां सामने आईं। व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर बीडीओ ने नाराजगी जताते हुए ग्राम पंचायत सचिव और प्रशासक को नोटिस जारी किया। साथ ही 15 दिनों के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में सुधार न होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में दो गोवंश गंभीर रूप से बीमार मिले। इनमें से एक गोवंश की नाक से खून निकल रहा था। हैरानी की बात यह रही कि बीमार गोवंशों को निर्धारित सिक वार्ड में रखने के बजाय खुले में छोड़ दिया गया था। इसके अलावा गौशाला में हरे चारे की व्यवस्था नहीं मिली और भूसा भी सड़ा हुआ पाया गया।
गौशाला परिसर में वर्मी कंपोस्ट तैयार करने के लिए व्यवस्था तो बनाई गई है, लेकिन उसका सही तरीके से उपयोग नहीं किया जा रहा था। कंपोस्ट किट में गंदगी भरी मिली। इन अव्यवस्थाओं को देखकर बीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताई तथा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।

गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

जिलाधिकारी सीतापुर के निर्देश पर जिले की गौशालाओं को स्मार्ट बनाने और उनमें नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत हरा चारा सहित अन्य सामग्री के परिवहन के लिए प्रत्येक गौशाला में बैलगाड़ी की व्यवस्था करने तथा गोबर से गौकाष्ठ (लकड़ी) तैयार करने के कार्य को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में बीडीओ श्रीश कुमार गुप्ता ने सकरन खुर्द गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने और वहां व्याप्त कमियों को दूर करने के लिए संबंधित जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

ग्रामीणों ने भी उठाईं समस्याएं

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में राज्य वित्त से कोई विकास कार्य नहीं कराया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने गौशाला को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए पक्की सड़क बनवाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला तक आवागमन सुगम बनाने के लिए पक्के मार्ग का निर्माण आवश्यक है। जिस पर मार्ग को बनाने हेतु बीडीओ ने 15 दिवस में कार्य कराने की बात कही है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें