
नौ साल से फरार हत्या के दो इनामिया आरोपी गिरफ्तार
रुकसाना बानो और मोहम्मद मुस्लिम पर था 25-25 हजार रुपये का इनाम, शेखपुर आशिक चौराहे से दबोचा
कुंडा/प्रतापगढ़। हत्या के मुकदमे में पिछले नौ साल से फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को कुंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिकरिया बुजुर्ग निवासी रुकसाना बानो पत्नी मोहम्मद मुस्लिम (40) और मोहम्मद मुस्लिम पुत्र मोहर्रम अली (46) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार वर्ष 2017 में टिकरिया बुजुर्ग निवासी महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके पति दुकान खोलने गए थे, जहां रुकसाना बानो उर्फ मुन्नी, मोहम्मद मुस्लिम और अमन ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। मामले में कुंडा थाने में मु0अ0सं0 221/2017, धारा 302 व 120बी भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
कुर्की की कार्रवाई के बाद भी रहे फरार
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी नहीं होने पर उनके विरुद्ध धारा 82/83 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत कार्रवाई की गई और मफरूरी में आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया। दोनों पर पहले एक-एक हजार रुपये का इनाम घोषित था, जिसे पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने बढ़ाकर 25-25 हजार रुपये कर दिया था।
NBW पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंकित सिंह और पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शेखपुर आशिक चौराहे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी था।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंकित सिंह, आरक्षी अजीत कुमार यादव, आरक्षी हरेंद्र कुमार, महिला आरक्षी श्वेता राय तथा सर्विलांस सेल के मुख्य आरक्षी जितेंद्र कुमार शामिल रहे।