पत्रकार से मारपीट के विरोध में थाने पहुंचे संगठन पदाधिकारी मोबाइल छीनकर पटकने और मारपीट का आरोप, निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग

पत्रकार से मारपीट के विरोध में थाने पहुंचे संगठन पदाधिकारी

मोबाइल छीनकर पटकने और मारपीट का आरोप, निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग

कुंडा/प्रतापगढ़। पत्रकार सुजीत कुमार मिश्रा के साथ मारपीट, मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटकने और धमकी देने के आरोप का मामला सामने आने के बाद पत्रकार संगठनों में नाराजगी है। कार्रवाई की मांग को लेकर इंडियन प्रेस काउंसिल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार गुरुवार को मानिकपुर थाने पहुंचे। पदाधिकारियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।मानिकपुर थाना क्षेत्र के शाहाबाद गांव निवासी पत्रकार सुजीत कुमार मिश्रा इंडियन प्रेस काउंसिल की जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, सात अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे वह लालगंज में आयोजित कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। अंतामऊ ग्राम पंचायत के गड़रिया का पुरवा मार्ग पर मनरेगा कार्यस्थल के पास कुछ श्रमिक बैठे दिखाई दिए। आरोप है कि सुजीत मिश्रा कार्यस्थल का वीडियो बनाने लगे।तहरीर के अनुसार, इसी दौरान ग्राम पंचायत की प्रशासक प्रधान गुड़िया देवी के पुत्र सत्येंद्र उर्फ मोनू ने वीडियो बनाने से रोकते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटकने और मारपीट करने का आरोप है। पत्रकार ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।मामले की जानकारी मिलने पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीसी मिश्रा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री आनंद शुक्ला, राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप कुमार, प्रांतीय संगठन मंत्री रामचंद्र पांडेय रामू समेत पदाधिकारी और पत्रकार मानिकपुर थाने पहुंचे। अजय मिश्रा, संजय शुक्ला, काशी राणा, प्रशांत द्विवेदी, शहबाज खान, दिनेश पाल, तहसील अध्यक्ष संदीप साहू, डीएन मिश्रा, कृष्णा यादव, सुभाष सोनकर, प्रमोद गौतम और अमित अग्रहरि समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।संगठन पदाधिकारियों ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। पत्रकार की ओर से तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। थाना प्रभारी पंकज कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें