
बारिश बनी काल, कच्ची दीवार गिरने से डेढ़ साल के मासूम की मौत
कुंडा/प्रतापगढ़। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोथरिया गांव में कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से करीब डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि बच्चा सुबह घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान बारिश से कमजोर हुई कच्ची दीवार अचानक उसके ऊपर गिर गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर मासूम को बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से गांव में भी मातम का माहौल है। लगातार बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। प्रतापगढ़ में हाल के दिनों में बारिश के कारण दीवार और मकान गिरने की कई घटनाएं सामने आई हैं।