
चार मोबाइल और चार जिंदा देशी बम के साथ युवक गिरफ्तार
शाहाबाद गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के सामान चोरी करने का आरोप, चोरी का मोबाइल-पर्स व नकदी बरामद
कुंडा/प्रतापगढ़। मानिकपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार जिंदा देशी बम, चार एंड्राइड मोबाइल फोन, एक पर्स, आधार कार्ड और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद देशी बमों को सावधानीपूर्वक पानी में डुबोकर निष्क्रिय कराया।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस के पर्यवेक्षण में मानिकपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रहमत अली के पुरवा से शाहाबाद घाट जाने वाली सड़क के मध्य मुर्गी फार्म के पास कच्चे रास्ते से शैलेन्द्र सोनकर पुत्र इन्द्रजीत सोनकर, निवासी मनिहारी टोला, थाना मानिकपुर, उम्र करीब 25 वर्ष को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान उसके पास से चार जिंदा देशी नाजायज बम, चार एंड्राइड मोबाइल फोन, काले रंग का पर्स, एक आधार कार्ड और 500 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद सामान में एक मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड और नकदी को थाना मानिकपुर में दर्ज मुकदमे से संबंधित चोरी का माल बताया गया है।
श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी करने का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से शाहाबाद गंगा घाट पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी करता था। पुलिस का दावा है कि चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम से वह नशा करता था। बरामद तीन अन्य मोबाइल फोन के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।अभियुक्त के खिलाफ थाना मानिकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 188/26, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस तथा जिंदा देशी बम बरामद होने के मामले में मुकदमा अपराध संख्या 196/26, धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश वीर सिंह, कांस्टेबल भीमराव, कांस्टेबल रामदेव गौतम और महिला कांस्टेबल पिंकी यादव शामिल रहीं।